हिमाचली संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ के दर्द को बड़े पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘खूंटा’ को लेकर बुधवार को सोलन में खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट सोलन पहुंची, जहां फिल्म की लेखिका, निर्देशक और मुख्य अभिनेत्री अनुषी शर्मा ने फिल्म से जुड़ी कई रोचक जानकारियां साझा कीं। इस दौरान फिल्म का ट्रेलर और नया गाना भी रिलीज किया गया। आयोजकों के अनुसार हिमाचली पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म 18 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सोलन के तीनों सिनेमाघरों के साथ हिमाचल के अधिकांश सिनेमाघरों में भी फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म के ट्रेलर और नए गाने की लॉन्चिंग के बाद माहौल और भी खास हो गया। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट मंच पर पहुंची और कलाकारों ने नाटी डालकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पहाड़ी गीतों पर कलाकार जमकर झूमे और कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति की झलक देखने को मिली। फिल्म में अनुषी शर्मा, कार्तिक राव, जौहर कौल, मनुज वालिया, आशु, रिशान, प्रेरणा ठाकुर, ईशान आजाद, शुभम सेठी और वरुण कांत समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है। गिरिपार और जौनसार-बावर की संस्कृति दिखाएगी फिल्म ‘खूंटा’ की कहानी हिमाचल के सिरमौर के गिरिपार और जौनसार-बावर क्षेत्र की संस्कृति पर आधारित है। फिल्म में महासू देवता की आस्था, पहाड़ी परंपराओं और हिमालयी समाज की जीवनशैली को प्रमुखता से दिखाया गया है। इसके साथ ही पहाड़ों के दर्द और हिमालयी समाज की पीड़ा को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। फिल्म की टीम का कहना है कि ‘खूंटा’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि हिमाचल की संस्कृति और पहाड़ी समाज की भावनाओं को बड़े पर्दे पर सामने लाने का प्रयास भी है। फिल्म के निर्माता मुकेश मोदी ने हिमाचली पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म की कहानी, संस्कृति और कलाकारों के अभिनय को पसंद करेंगे।