शिलाई (सिरमौर)। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत की सदियों पुरानी देव संस्कृति और सनातन परंपराएं देश की आध्यात्मिक शक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। इस अमूल्य विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकास भी, विरासत भी का दृष्टिकोण देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिला रहा है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता एवं लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता बुधवार को जिला के शिलाई उपमंडल के पश्मी गांव स्थित श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद लिया और प्रदेश सहित देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजे जाने वाले चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। देवता के गांव-गांव भ्रमण की परंपरा समाज में एकता, पारस्परिक सम्मान और सामूहिक आस्था को मजबूत करती है। हिमाचल और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सनातन मूल्यों, स्थानीय परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना आवश्यक है। हिमाचल में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनके सतत विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की अपील की।