शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को सिरमौर जिले के त्रिलोकपुर स्थित सिद्धपीठ महामाया बाला सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता के दर्शन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्त शनिवार शाम से ही त्रिलोकपुर पहुंचने लगे थे। मध्यरात्रि से ही श्रद्धालु कतारों में लगकर मंदिर के कपाट खुलने का इंतजार करने लगे। रविवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद भक्तों को माता के दर्शन के लिए प्रवेश दिया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और माता के दरबार में शीश नवाने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते रहे। पहले नवरात्र के अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा और उपमंडलाधिकारी राजीव सांख्यान ने मंदिर में आयोजित हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं। इसके बाद वे मुख्य आरती में भी शामिल हुए। नवरात्र के पहले दिन मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने माता महामाया बाला सुंदरी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए शाम तक हजारों भक्तों के मंदिर पहुंचने की संभावना जताई गई। नवरात्र के पहले दिन त्रिलोकपुर मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहा।