फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर:राज्य स्तरीय अंडर-14 माइनर गेम्स प्रतियोगिता का समापन

राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की राज्य स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 12 जिलों और एक खेल छात्रावास के 474 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। वॉलीबॉल में शिमला ने मंडी को हराकर पहला स्थान हासिल किया। कबड्डी में सोलन ने शिमला को हराया, जबकि खो-खो में मंडी ने हमीरपुर को मात देकर खिताब जीता। टेबल टेनिस में कांगड़ा ने हमीरपुर को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। मार्च पास्ट में सोलन जिला की टीम अव्वल रही। वॉलीबॉल में आरुष भागटा, कबड्डी में सोनू, खो-खो में दिव्यांश और टेबल टेनिस में विरोन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों, डीपीई, खेल अधिकारियों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई फैसले लिए हैं। खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन की गई है। शिक्षा विभाग के अधीन खेल छात्रावासों की संख्या आठ से बढ़ाकर 12 कर दी गई है। इनमें सिरमौर के शिलाई सहित अन्य क्षेत्रों में नए छात्रावास खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। पिछले वर्ष पांवटा साहिब में राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता हुई थी और इस वर्ष भी हिमाचल में तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल की साक्षरता दर 99.55 प्रतिशत तक पहुंचना गर्व की बात है। प्रदेश सरकार अब तक शिक्षा विभाग में करीब 10 हजार नियुक्तियां कर चुकी है और अगले एक वर्ष में यह संख्या 15 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य है। लगभग पांच हजार पद भरने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उन्होंने राजगढ़ स्कूल में सीबीएसई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 11 अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति का उल्लेख किया। स्कूल में अतिरिक्त कमरों की मांग पर उन्होंने कहा कि पहले भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके बाद वर्ष 2027-28 के बजट में धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास होगा। उन्होंने स्कूल में रिक्त पदों को भरने का भी आश्वासन दिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें