फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर 15 नवंबर को भाजपा का प्रदर्शन, डॉ. राजीव बिंदल बोले- मरीजों को नहीं मिल रहीं सुविधाएं

नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों के विरोध में भाजपा 15 नवंबर को नाहन में प्रदर्शन करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं और मरीजों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। डॉ. राजीव बिंदल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां रेडियोलॉजी विभाग बंद पड़ा है। इसके अलावा अस्पताल भवन की छतें टपक रही हैं, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों को लगातार नाहन से बाहर रेफर किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि नाहन की जनता को अपने ही शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अस्पताल की बदहाल व्यवस्था के विरोध में 15 नवंबर को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक स्थल नाहन से विरोध प्रदर्शन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। भाजपा इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेश सरकार, प्रशासन और स्थानीय कांग्रेस नेताओं को स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए आगाह करेगी। डॉ. बिंदल ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जरूरी सुविधाओं की कमी और भवन की खराब स्थिति को जल्द ठीक किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग उठाई कि अस्पताल की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें