दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को जिला मुख्यालय नाहन में सफाई व्यवस्था चरमरा गई। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर दोपहर बाद तक कूड़े के ढेर लगे रहे। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित हुई, वहीं स्थानीय लोगों और बाजार में आने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख चौगान मैदान में चारों तरफ कूड़ा बिखरा नजर आया। दिल्ली गेट के समीप स्थित चौगान मैदान, पुराने कॉलेज परिसर और नया बाजार में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे। इसके अलावा बड़ा चौक सहित अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा देरी से कूड़ा उठाया गया। दोपहर बाद तक कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाई थी। त्योहार के बाद शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के नगर परिषद के इंतजाम नाकाफी नजर आए। ऐसे में शहर की स्वच्छता और सफाई प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के पीछे सफाई कर्मचारियों के अवकाश पर होने का तर्क दिया है। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुलेमान ने बताया कि दीपावली के चलते अधिकतर सफाई कर्मचारी अवकाश पर हैं, जिस कारण कूड़ा उठाने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि सबसे पहले बड़ा चौक और शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों से कूड़ा उठवाया गया। इसके बाद दोपहर बाद चौगान मैदान, हाथी कब्र और गुन्नूघाट सहित अन्य स्थानों से कूड़ा उठाने का काम किया जा रहा है। त्योहार के बाद शहर में बढ़े कचरे के बीच सफाई कर्मचारियों की सीमित उपलब्धता ने नगर परिषद की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि शहर में सफाई व्यवस्था कितनी जल्दी सामान्य हो पाती है।