नाहन (सिरमौर)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन के तत्वावधान में आयोजित विद्यालय प्रमुखों की पांच दिवसीय नेतृत्व एवं प्रबंधन कार्यशाला के दूसरे दिन आदर्श विद्यालय के निर्माण और शिक्षा व्यवस्था के समक्ष उभरती चुनौतियों पर गहन मंथन हुआ। कार्यशाला में जिले के विभिन्न शिक्षा खंडों के 70 विद्यालय प्रमुख भाग ले रहे हैं। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनोरा के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ने आदर्श विद्यालय की रूपरेखा विषय पर विचार रखे।