पीएम श्री योजना के तहत सिरमौर जिले के विद्यालयों में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के लिए डाइट नाहन में एसएनए स्पर्श पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 52 शिक्षकों और संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर वित्तीय प्रक्रियाओं को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के साथ प्रतिभागियों को पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त नियंत्रक (वित्त) ज्ञान चंद रैता ने विद्यालय प्रबंधन से जुड़े वित्तीय विषयों, आवश्यक प्रक्रियाओं और महत्वपूर्ण शब्दावली की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को वित्तीय नियमों की समझ विकसित करने और विद्यालयों में वित्तीय कार्यों को पारदर्शिता के साथ संचालित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। वहीं, सुनील ने एनएसस-स्पर्श पोर्टल का व्यावहारिक प्रदर्शन कर इसकी कार्यप्रणाली और उपयोग के विभिन्न पहलुओं को समझाया। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एवं प्रधानाचार्य राजीव ठाकुर ने प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों और संबंधित कर्मचारियों को वित्तीय प्रक्रियाओं की सही जानकारी होना जरूरी है। वित्त एवं लेखा अनुभाग अधिकारी अरुण शर्मा ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसी उद्देश्य से विद्यालयों के लेखाकारों को भी इसमें शामिल किया गया, ताकि वित्तीय कार्यों से जुड़े सभी कर्मचारियों को एकसमान और व्यावहारिक जानकारी मिल सके।