फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: कालाअंब किसान सम्मेलन में लंपी वायरस को लेकर दूर कीं भ्रांतियां

Ankesh Dogra Updated Thu, 03 Sep 2026 04:51 PM IST

कालाअंब में भाटिया डेयरी की ओर से वीरवार को किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें सीमावर्ती क्षेत्रों से करीब 200 किसानों और पशुपालकों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को पशुपालन से आय बढ़ाने, पशुओं के बेहतर रखरखाव और फसलों की गुणवत्ता से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाना रहा। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी रणवीर सिंह सैनी ने पशुपालकों को पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों के लक्षण, उपचार और विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से लंपी वायरस को लेकर किसानों और पशुपालकों की शंकाओं का समाधान किया। रणवीर सिंह सैनी ने कहा कि पशुओं में लंपी वायरस के लक्षण दिखाई देने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। समय रहते योग्य पशु चिकित्सक से सलाह लेकर उपचार और उचित देखभाल की जाए तो पशु को गंभीर स्थिति से बचाया जा सकता है। उन्होंने पशुपालकों से लंपी वायरस को लेकर फैल रही भ्रांतियों और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशु में बीमारी के लक्षण नजर आने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें और विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पशुओं से बेहतर दूध उत्पादन के लिए संतुलित आहार और उसकी सही मात्रा की जानकारी होना भी जरूरी है। इसके लिए पशुपालक नजदीकी पशु चिकित्सालय से विशेषज्ञों की सलाह ले सकते हैं। मार्केट कमेटी के सचिव राजीव चोपड़ा ने किसानों को फसल मंडी में लाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज मंडी में लाने से पहले उसे अच्छी तरह सुखाकर लाएं और सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इससे किसानों को उपज की बेहतर कीमत हासिल करने में मदद मिलेगी। सम्मेलन में भाटिया डेयरी के निदेशक आशु भाटिया, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश ठसका, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, भव्य भाटिया, बलबीर सिंह, पाल सिंह और बचन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें