हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में छठ महापर्व के अवसर पर सोमवार सुबह आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर तड़के करीब 5 बजे बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु मारकंडा नदी के तट पर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सूर्यदेव की आराधना की गई। सुबह से ही नदी तट पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे। धार्मिक उत्साह और पारंपरिक छठ गीतों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान की गई आतिशबाजी ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया। सूर्योदय होते ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने मारकंडा नदी के तट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान सभी ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना की। नदी तट पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र छठमय नजर आया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को पारंपरिक ठेकुआ और विभिन्न फलों का प्रसाद वितरित किया गया। परिवारों ने मिलकर पर्व की रस्मों में भाग लिया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कालाअंब में बड़ी संख्या में रहने वाले प्रवासी परिवारों के लिए छठ महापर्व अपनी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने का विशेष अवसर बना। मारकंडा नदी का तट छठी मैया की भक्ति और लोक आस्था के रंग में रंगा नजर आया।