अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने, शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने तथा समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। एकता कापटा सोमवार को राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थीं।