भक्ति और आस्था के रंग में रंगे कुमसू मंदिर परिसर में वीरवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन हुआ। भड़ावली पंचायत के आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति के अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मंत्री के मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जीवन चौहान, भड़ावली पंचायत के प्रधान कृष्ण गोपाल और अन्य स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे विक्रमादित्य सिंह ने मंदिर में शीश नवाकर देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर में सात दिनों तक चली श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे। धार्मिक अनुष्ठान के चलते पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। समापन समारोह में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।