ग्राम पंचायत जंजैली में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम और ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें वन रक्षक कुसुम शर्मा ने ग्रामीणों को जंगली जानवरों से बचाव और जंगलों को आग से सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने लोगों को वन्यजीवों से सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। कुसुम शर्मा ने बताया कि जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में जंगली जानवरों की गतिविधियों को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। जंगलों में अकेले जाने से बचें और जंगली जानवर दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने का प्रयास न करें। उन्होंने ग्रामीणों को वन्यजीवों से सामना होने की स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जंगलों में जलती बीड़ी, सिगरेट या आग जलाकर छोड़ने जैसी लापरवाही से बचना जरूरी है। जंगल में आग लगने की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से वन संपदा और पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जंगलों और वन्यजीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।