पंडोह (मंडी)। बाबा बालक नाथ मंदिर पंडोह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य नूतन कौशल के पंडोह पहुंचने पर मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कान्हा जी की भव्य शोभायात्रा पंडोह बाजार से होते हुए बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं से पूरा क्षेत्र कृष्णमय हो गया। मंदिर कमेटी के अनुसार एक से पांच सितंबर तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष और भव्य आयोजन होगा। प्रतिदिन दोपहर एक से चार बजे तक कथा प्रवचन तथा रात आठ से 10 बजे तक कीर्तन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम सात बजे से भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। चार सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो रात 12 बजे तक चलेंगे। इसके अलावा छह सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष सन्नी धवन ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से परिवार सहित मंदिर पहुंचकर कथा, कीर्तन और जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने की अपील की।