नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज से बाहर किए गए 13 आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। कर्मचारियों की बहाली को लेकर चल रहे विवाद के बीच एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद का रास्ता तैयार किया। संजीव गुलेरिया ने आउटसोर्स कंपनी के मालिक से बातचीत कर कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी ओर से उठाए जा रहे मुद्दों को सामने रखा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया गया जिसके बाद मामले में बीच का रास्ता निकालने पर सहमति बनी। बताया जा रहा है कि कंपनी मालिक ने कुछ शर्तों के साथ सभी 13 कर्मचारियों को दोबारा ज्वाइनिंग देने पर सहमति जताई है। ऐसे में कई दिनों से अपने रोजगार को लेकर चिंतित चल रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। बातचीत के बाद अब सभी 13 कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।