विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के जिला स्तरीय तीसरे चरण में मंडी के 17 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सोमवार को मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित इस चरण में युवाओं ने ‘क्लाइमेट चेंज एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट फॉर द माउंटेन रीजन’ विषय पर निबंध लिखकर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस चरण में चयनित प्रतिभागियों को पांच दिसंबर को धर्मशाला में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। भारत सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंडी जिले के युवाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। जिला युवा अधिकारी भारती मोंगरा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए जिले से करीब 31 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। इनमें से एक हजार युवाओं को निबंध लेखन के लिए आमंत्रित किया गया, जबकि 350 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से इसमें भाग लिया। इसके बाद 61 प्रतिभागियों का चयन तीसरे चरण के लिए किया गया था। जिला स्तर पर आयोजित इस चरण में 17 युवाओं ने अपने विचार और प्रतिभा प्रस्तुत की। भारती मोंगरा ने बताया कि धर्मशाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। वहां से केवल पांच युवाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अपने विचार और प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि मंडी जिले में कार्यक्रम के संचालन और निगरानी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में पांच अधिकारियों की कमेटी गठित की गई है।