मंडी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित 57 लाख 92 हजार 70 रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है। इसमें एक महिंद्रा थार गाड़ी और पुरानी मंडी में स्थित तीन कमरों का आवासीय सेट शामिल है। इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा एवं एनडीपीएस अधिनियम नई दिल्ली ने 12 नवंबर 2026 को मंजूरी दी है। यह कार्रवाई सदर थाना मंडी में दर्ज प्राथमिकी संख्या 79/2025 से जुड़े मामले में की गई। पुलिस ने 31 मार्च 2025 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में छह ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। पुलिस ने केवल नशे की बरामदगी तक ही जांच सीमित नहीं रखी। बल्कि आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। वित्तीय जांच में नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान की गई। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी हुआ।