वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी विभाग की ओर से साहित्यिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति, साहित्य और राष्ट्रीय एकता की सशक्त वाहक है। डिजिटल युग में हिंदी के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। युवा पीढ़ी तकनीक के माध्यम से हिंदी को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. दायक राम ने कहा कि हिंदी साहित्य ने सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान भाषण, निबंध लेखन, नारा लेखन, कविता पाठ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में यामिनी शर्मा ने 36.5 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। लेख राज ने द्वितीय और दुष्यंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में आंचल प्रथम, नेहा देवी द्वितीय तथा अंकुर और अनुराधा तृतीय स्थान पर रहे। कविता पाठ प्रतियोगिता में अनु कुमारी ने प्रथम, शीतल ने द्वितीय और विजय कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तोमेश, सारिका और दिया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता, डिजिटल माध्यम, सिनेमा और साहित्य के साथ-साथ नई तकनीक के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।