हिमाचल प्रदेश एयर स्क्वाड्रन राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के लिए एक नए अध्याय की शुरूआत हुई है। एसडब्ल्यू-80 माइक्रोलाइट विमान पटियाला से उड़ान भरकर कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा भुंतर पहुंच गया है। इससे क्षेत्र के एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स को उड़ान प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। इस विमान को बुधवार को पटियाला से भुंतर तक विंग कमांडर कुणाल शर्मा, कमांडिंग ऑफिसर, एक एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू तथा विंग कमांडर बजिंद्र सिंह गिल, कमांडिंग ऑफिसर, 4 पीबी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी ने उड़ाया। विमान के भुंतर में उपलब्ध रहने से कैडेट्स को स्थानीय स्तर पर विमानन व्यावहारिक जानकारी और उड़ान संचालन का अनुभव प्राप्त होगा। पहले प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए कैडेट्स और संबंधित स्टाफ को पटियाला जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की अधिक आवश्यकता रहती थी।