किताबी ज्ञान के साथ प्रकृति और पर्यावरण को करीब से समझने के उद्देश्य से शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू के एनएसएस स्वयंसेवियों ने जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान मौहल का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यालय में आयोजित सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर के दूसरे दिन हुए इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और स्वरोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। संस्थान के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. किशोर कुमार ने फील्ड डेमोस्ट्रेशन के माध्यम से स्वयंसेवियों को जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, औषधीय पौधों और जैव अपघटनीय वस्तुओं के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व से अवगत करवाया। साथ ही मधुमक्खी पालन प्रबंधन को सतत आजीविका का बेहतर माध्यम बताते हुए इसकी उपयोगिता और संभावनाओं की जानकारी दी। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की कागज पुनर्चक्रण उद्यमिता इकाई का भी दौरा किया। यहां उन्होंने बेकार कागज को दोबारा उपयोगी बनाने की प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को कागज पुनर्चक्रण के क्षेत्र में स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। एनएसएस अधिकारी मंजू आनंद ने बताया कि सात दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत प्रभात फेरी, योगाभ्यास और अनुशासित परेड के साथ हुई। शाम को आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता सुंदर श्याम ने खेलकूद और कला संस्कृति का व्यक्तित्व विकास में महत्व विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने स्वयंसेवियों को जीवन में अनुशासन और टीम भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस अधिकारी डॉ. धीरज शर्मा, टीजीटी निर्मल भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित रहे।