फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुल्लू: सलमान अली के गीतों पर झूमे दर्शक, विक्की राजटा ने पहाड़ी गीतों से बांधा समां

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। गायक सलमान अली, विक्की राजटा, आयुष लाइव और दिव्या श्रीवास्तव ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में बॉलीवुड संगीत के साथ पहाड़ी संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक संध्या में गायक सलमान अली ने मंच पर आते ही ‘दिल पे जख्म खाते हैं’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद उन्होंने ‘तेरे नाम से जी लूं, तेरे नाम से मर जाऊं’, ‘ऐसे लहरा के तू आ गई’ और ‘बेचारा मेरा दिल तुझको ढूंढता रहता है’ सहित कई गीतों की प्रस्तुति दी। सलमान अली की सुरीली आवाज और लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। गायक विक्की राजटा ने पहाड़ी गीत ‘ढुंगे नालु रा पानी गे शॉउनिए’ से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘लाल लाल गे सेउए रा दाना’ और ‘की भालदी झुरिये की’ सहित कई पहाड़ी गीत पेश किए। उनके गीतों पर दर्शक नाचते नजर आए। विक्की राजटा की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक संगीत और पहाड़ी संस्कृति की छटा बिखेर दी। कार्यक्रम में आयुष लाइव ने ‘जुल्म सिर्फ इतना है तुमसे प्यार करते हैं’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। वहीं, दिव्या श्रीवास्तव ने ‘प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से’ और ‘तू ही मेरी जमीं’ सहित कई गीत प्रस्तुत किए। चारों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया और दर्शकों का उत्साह बनाए रखा। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लवी टोपी और मफलर पहनाकर उनका सम्मान किया। इससे पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर में पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने उत्सव स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की इस सांस्कृतिक संध्या में संगीत, लोक संस्कृति और पारंपरिक स्वागत का सुंदर संगम देखने को मिला।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें