ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र के मंच पर प्रस्तुति देने का मौका पाने के लिए जिला कुल्लू के कलाकार इन दिनों ऑडिशन दे रहे हैं। दशहरा उत्सव को लेकर आयोजित की जा रही ऑडिशन प्रक्रिया बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। सुबह से ही कलाकार देवसदन पहुंचने शुरू हो गए। कलाकारों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देकर मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब तक 135 कलाकार ऑडिशन दे चुके हैं। जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि कलाकारों के ऑडिशन की प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक जारी रहेगी। इस दौरान जिला कुल्लू के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। कलाकारों में दशहरा उत्सव के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। ऑडिशन के माध्यम से प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन किया जाएगा। जिला भाषा अधिकारी ने बताया कि आनी और निरमंड क्षेत्र के कलाकारों के लिए अलग से ऑडिशन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इन कलाकारों के ऑडिशन 13 अक्तूबर को आनी में होंगे। इस व्यवस्था से आनी और निरमंड क्षेत्र के कलाकारों को भी दशहरा उत्सव के मंच तक पहुंचने के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा