आयुष विभाग कांगड़ा की ओर से राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत 15 अक्तूबर को डीसी कार्यालय कांगड़ा में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक डीसी कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें जरूरी परामर्श दिया। शिविर में ऑस्टियोआर्थराइटिस सहित मांसपेशियों और हड्डियों से संबंधित बीमारियों की रोकथाम और प्रबंधन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही हड्डियों की मजबूती का आकलन करने के लिए बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) और लिवर फंक्शन टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। लोगों के लिए ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, थायराइड (टीएसएच) और कोलेस्ट्रॉल की जांच भी की गई। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध करवाई गईं। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा देने के साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना भी रहा। इस दौरान योग ब्रेक के माध्यम से योग के महत्व के बारे में भी जागरूक करने का कार्यक्रम रखा गया। शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी कांगड़ा, धर्मशाला के नेतृत्व में किया गया।