राजकीय प्राथमिक पाठशाला जनैहण में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में भाजपा नेता संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, पंजाबी गिद्दा, भांगड़ा, समूह गान और विभिन्न लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। मुख्य अतिथि संजीव शर्मा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त शिक्षा देना भी बेहद जरूरी है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। स्कूल की मुख्य शिक्षक रमना ढटवालिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर स्कूल में आयोजित गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने अकादमिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपनी ओर से स्कूल को 10,200 रुपये की राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।