दिवाली का त्योहार मनाकर अपने घर पहुंचे लोग अब धीरे-धीरे कामकाज के सिलसिले में बाहरी राज्यों की ओर लौटने लगे हैं। वहीं, भैया दूज के अवसर पर भाइयों को तिलक लगाने के लिए भी महिलाएं अपने गंतव्य तक पहुंचीं। त्योहार के बाद यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से बुधवार को हमीरपुर बस अड्डे पर भारी भीड़ देखने को मिली। बुधवार को बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की चहल-पहल बनी रही। कोई अपने गंतव्य तक जाने वाली बस का इंतजार करता नजर आया तो कोई चालक-परिचालकों से बसों की समय-सारिणी और रूट की जानकारी लेता रहा। कई यात्री बसों में बैठ चुके थे, जबकि अन्य अपनी बस के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। बस अड्डे पर महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक रही। यात्री एक-दूसरे से बसों के आने-जाने का समय पूछते दिखाई दिए। वहीं, निजी बसों के चालक भी यात्रियों को अपनी बसों में बैठने के लिए आवाज लगाते रहे। त्योहार के बाद यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की ओर से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए 10 विशेष बसों की सुविधा दी गई। इससे बाहरी राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिली। त्योहारों के बाद कामकाज पर लौटने वाले लोगों और भैया दूज के चलते हुई आवाजाही से हमीरपुर बस अड्डे पर दिनभर रौनक बनी रही।