जिले के कृषि विक्रय केंद्रों में रबी सीजन के लिए बीज की आपूर्ति शुरू हो गई है। फिलहाल जौ और राई का बीज उपलब्ध हुआ है, जिसे संबंधित ब्लॉकों में भेज दिया गया है। हालांकि, दोनों फसलों के बीज पर किसानों को सब्सिडी नहीं मिलेगी। ऐसे में किसानों को बीज खरीदने के लिए पूरी कीमत चुकानी होगी। जिले में जौ के बीज की कुल मांग 570 क्विंटल है, लेकिन अब तक केवल 170 क्विंटल बीज ही पहुंचा है। उपलब्ध खेप को संबंधित ब्लॉकों में भेज दिया गया है। कृषि विक्रय केंद्रों पर जौ का बीज करीब 59 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा है। राई के बीज की मांग बिझड़ी और नादौन ब्लॉक से आई थी। इसके तहत कुल 6.5 क्विंटल बीज उपलब्ध हुआ है। इसमें बिझड़ी ब्लॉक के लिए 0.5 क्विंटल और नादौन ब्लॉक के लिए छह क्विंटल बीज भेजा गया है। राई के बीज की कीमत 365 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है। इस पर भी सब्सिडी नहीं दी जा रही है, इसलिए किसानों को पूरी कीमत चुकानी होगी। कृषि विक्रय केंद्रों में अभी बीज की आपूर्ति शुरू हुई है। आने वाले दिनों में अन्य फसलों के बीज भी उपलब्ध होने की उम्मीद है। कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डीडी शर्मा ने बताया कि जल्द ही बाकी बीज भी उपलब्ध हो जाएगा।