हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों पर भर्ती के लिए हमीरपुर जिले में शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) का आयोजन 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह परीक्षण भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक, अणु, हमीरपुर में होंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 6,248 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जिनमें 4,804 पुरुष और 1,444 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, 27 अक्टूबर को 1,604 पुरुष अभ्यर्थियों और 28 अक्टूबर को 1,600 पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण होगा। 29 अक्टूबर को करवाचौथ के अवसर पर अवकाश रहेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को 1,600 पुरुष अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। वहीं, 31 अक्टूबर को 1,444 महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण होगा। एक और 2 नवंबर को आरक्षित दिवस रखा गया है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पात्र घोषित किए गए सभी अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर उनकी संबंधित यूजर आईडी पर अपलोड कर दिए हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को उनके ऑनलाइन भर्ती आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस तथा ई-मेल के माध्यम से भी सूचना भेजी है। पीएसटी और पीईटी का परिणाम जिला भर्ती समिति (डीआरसी) की ओर से परीक्षण वाले दिन ही प्रदर्शित किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह अगले दिन दोपहर 12 बजे तक अपील प्रस्तुत कर सकता है। अपील पर जिला भर्ती समिति का निर्णय होने के बाद परिणाम में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। इसके बाद किसी अन्य अभ्यावेदन पर भी विचार नहीं होगा। अपीलों का निपटारा होने के बाद समिति की ओर से अंतिम रूप दिए गए पीएसटी और पीईटी परिणाम पुलिस मुख्यालय के माध्यम से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजे जाएंगे। आयोग की ओर से इसके बाद पीएसटी और पीईटी के अंकों के परिणाम में संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित अपील अवधि समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी परिणाम को चुनौती नहीं दे सकेंगे। इस संबंध में जिला भर्ती समिति का निर्णय अंतिम होगा। भर्ती के लिए तैयारियां जारी: एसपी हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए 27 अक्टूबर से शारीरिक दक्षता परीक्षण शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।