फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हमीरपुर: केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर व्यक्ति को हिरासत में लिया

केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने सोमवार शाम हमीरपुर शहर में रह रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सोशल मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने की सूचना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच में उसके संपर्कों और सोशल मीडिया गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से 17 सितंबर को पुलिस को भेजे गए शिकायत पत्र में हमीरपुर में रह रहे व्यक्ति के संबंध में विस्तृत जांच करने को कहा गया था। शिकायत में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ लोगों के कथित संपर्कों और गतिविधियों का उल्लेख करते हुए संबंधित व्यक्ति के आगे-पीछे के संपर्कों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही यह भी जांचने को कहा गया था कि उसका किसी संदिग्ध नेटवर्क अथवा देश विरोधी गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है। इस इनपुट के आधार पर सदर थाना पुलिस ने 21 सितंबर को मामला दर्ज किया। इसके बाद सोमवार शाम व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह हमीरपुर शहर में दर्जी का काम करता है और करीब छह माह से यहां रह रहा है। वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से बाहर के किसी राज्य का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम मंगलवार को हमीरपुर पहुंच सकती है। टीम हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ करने के साथ गतिविधियों और संपर्कों की भी पड़ताल कर सकती है। पुलिस ने अभी तक व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। किसी आतंकी गतिविधि से उसके सीधे संबंध की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें