फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मशाला: रसां प्राइमरी स्कूल की छत से गिर रहा प्लास्टर, बरामदे में लग रहीं कक्षाएं, देखें वीडियो

तपोवन विधानसभा परिसर के साथ लगते राजकीय प्राथमिक स्कूल रसां की हालत बदतर हो गई है। स्कूल के कमरों की छत से प्लास्टर गिर रहा है और बरसात के दौरान इससे पानी टपकता है। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए विद्यार्थियों की कक्षाएं कमरों के बजाय बरामदे में लगाई जा रही हैं। स्कूल में पढ़ने वाले 23 विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। इस स्कूल में कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जो दिव्यांगता की श्रेणी में आते हैं। स्कूल की स्थिति का जायजा लेने के लिए अमर उजाला की टीम स्कूल परिसर में पहुंची। इस दौरान पाया गया कि स्कूल के विद्यार्थी बरामदे में पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल भवन का निरीक्षण करने पर पाया गया कि कक्षाओं के कमरे ही नहीं, बल्कि स्कूल के हैड टीचर के कमरे की हालत भी बद से बदतर थी। इसके अलावा स्कूल के तीन कमरों की छतों का प्लास्टर उखड़ चुका था। हालात ऐसे थे कि लैंटल का सरिया तक साफ दिखाई दे रहा था। इसके अलावा स्कूल की दीवारों पर भी दरारें साफ नजर आ रही थीं। वहीं एक कमरा ऐसा था, जिसकी छत से प्लास्टर तो उखड़ ही रहा था, साथ ही लैंटल पर बरसात के मौसम में आए पानी की सीलन भी साफ नजर आ रही थी। इस स्कूल परिसर में ही आंगनबाड़ी केंद्र भी चल रहा है। इसकी हालत भी स्कूल भवन से अलग नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र की छत भी जर्जर हो चुकी है। ऐसे में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता साफ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के चेहरे पर झलक रही थी। हैरानी इस बात की है कि यह भवन तपोवन विधानसभा परिसर की चारदीवारी के साथ है। यहां पर 16 से 21 नवंबर तक सरकार और प्रशासनिक अमला डेरा जमाए हुआ था, लेकिन किसी की भी नजर इस जर्जर हुए स्कूल भवन पर नहीं पड़ी। इस संदर्भ में स्कूल की हैड टीचर मुनीता कुमारी का कहना है कि उन्होंने स्कूल के कमरों की जर्जर हालत बारे उच्चाधिकारियों को बता दिया है। वहीं इस संदर्भ में उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग कांगड़ा बलविंद्र सिंह गुलेरिया का कहना है कि स्कूल का निरीक्षण कर तथा भेजी गई प्रपोजल को देख कर आगामी कार्रवाई शीघ्र ही अमल में लाई जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें