रामलीला क्लब जमानाबाद की ओर से आयोजित रामलीला में रविवार को माता सीता की तलाश में हनुमान के लंका पहुंचने और लंका दहन के प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंग से रू-ब-रू करवाया। मंचन के दौरान हनुमान भगवान श्रीराम का संदेश लेकर लंका पहुंचे और माता सीता की खोज की। माता सीता का पता लगाने के बाद हनुमान ने रावण की लंका में आग लगा दी। लंका दहन के दृश्य को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से इस प्रसंग को जीवंत कर दिया। रामलीला क्लब जमानाबाद के प्रधान कमलेश कोटी ने बताया कि रामलीला के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लंका दहन के बाद आगामी मंचन में युवराज अंगद को रावण के दरबार में उसे समझाने के लिए भेजा जाएगा। रामलीला के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़कर इसमें भाग ले रहे हैं और कलाकारों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।