राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फरसेटगंज में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और हुनर को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से उत्पाद प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित कर अपनी कलात्मक सोच, नवाचार और कौशल का परिचय दिया। प्रदर्शनी में स्लेट आर्ट, होममेड साबुन, इनहेलर और दीये सहित कई आकर्षक उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से इन वस्तुओं को तैयार किया था। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ हस्तनिर्मित उत्पादों के निर्माण और उनके व्यावहारिक महत्व को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में डाइट धर्मशाला की प्रिंसिपल निशा कटोच ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कौशल विकास को बढ़ावा मिलता है। साथ ही विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलता है। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन भी मिला। 11वीं कक्षा के एक छात्र की ओर से बनाई गई पेंटिंग को 2,000 रुपये में खरीदा गया, जबकि कई अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की भी बिक्री हुई। इससे विद्यार्थियों में अपने हुनर के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल मधु बाला सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे।