चुराह विधानसभा क्षेत्र के जसौरगढ़ पंचायत के मांजू गांव में एक शिक्षक के तबादले के दौरान भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला (जीसीपीएस) मांजू में पिछले 19 वर्षों से सेवाएं दे रहे कनिष्ठ अध्यापक का तबादला होने पर विद्यार्थी अपने आंसू नहीं रोक पाए। बच्चों का अपने गुरुजी के प्रति यह स्नेह देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। अध्यापक ने मांजू स्कूल में करीब दो दशक तक बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके साथ आत्मीय रिश्ता बनाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाया और उनके भविष्य को संवारने में योगदान दिया। यही वजह रही कि तबादले की खबर से बच्चे भावुक हो गए और शिक्षक की विदाई के समय फूट-फूट कर रोने लगे। अपने प्रिय शिक्षक से बिछड़ने का दुख उनके चेहरों पर साफ नजर आया। अध्यापक ने भावुक संदेश में कहा कि आज का दिन उन्हें जिंदगीभर याद रहेगा। मांजू गांव के लोगों से मिले अपार प्यार, स्नेह और आशीर्वाद को वह हमेशा संजोकर रखेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने पाठशाला के लिए जो सहयोग दिया, वह किसी से छिपा नहीं है। गांववासियों के साथ स्कूल के बच्चों का निस्वार्थ स्नेह उन्हें जीवनभर याद रहेगा।