विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में पांगी घाटी के सुराल में 26 और 27 सितंबर को दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पैराग्लाइडिंग का रोमांच भी होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पांगी की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाना है। सुराल पर्यटन विकास संघ के अध्यक्ष कुलदीप धूतवानी ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने युवक मंडलों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय लोगों से पारंपरिक परिधानों में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इससे पांगी की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया जा सकेगा। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 23 सितंबर तक सुराल पर्यटन विकास संघ के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। वहीं स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक वस्तुओं और अन्य सामग्री की प्रदर्शनी के लिए स्टॉल लगाने के इच्छुक समूह, युवक मंडल और व्यक्ति भी संघ से संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों की ओर से ऐसे स्टॉल के लिए निशुल्क बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। दो दिवसीय आयोजन में पांगी की लोक संस्कृति और परंपराओं के साथ स्थानीय उत्पादों को भी मंच मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।