एचआरटीसी के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और कथित ताैर पर पैसे लेने के मामले में करीब एक माह से कार्रवाई का इंतजार कर रहे कर्मचारियों का बुधवार को सब्र टूट गया। कर्मचारियों ने वर्कशॉप परिसर में नारेबाजी कर अपना रोष जताया। कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन को गुरुवार सुबह नौ बजे तक का समय देते हुए स्पष्ट किया कि यदि तब तक संबंधित एसओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान बसों का संचालन प्रभावित होने की भी चेतावनी दी है। मामला बीते माह उस समय सामने आया था, जब कर्मचारियों की ओर से संबंधित एसओ पर पैसे लेने और गाली-गलौच करने के आरोप लगाए गए थे। एक सप्ताह तक उन्होंने गेट मीटिंग भी की थी। लेकिन जब चक्काजाम करने की चेतावनी दी थी तो निगम की ओर से मामले की जांच का आश्वासन दिया गया था और इसके लिए करीब एक सप्ताह का समय निर्धारित किया गया था। अब एक माह बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। इस दौरान कर्मचारी संगठन के प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि मामला सामने आने के बावजूद जांच और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।