झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत निहाण के कजैल गांव स्थित बाजार में एक बैल दुकानों की छत पर चढ़ गया। बैल पूरी रात छत पर फंसा रहा। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। रोहित महाजन की पहल और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से बैल को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। जानकारी के अनुसार, बैल दुकानों की छत पर जाने के लिए बनी सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंच गया था। शाम के समय छत पर चढ़ने के बाद वह नीचे नहीं उतर पाया और पूरी रात वहीं फंसा रहा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो रोहित महाजन ने लोगों को एकत्रित किया और बैल को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। बैल को नीचे उतारने के प्रयासों के दौरान समाजसेवी एवं गोरक्षक सुनील कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव कार्य में मदद की। ग्रामीणों ने आपसी तालमेल और सूझबूझ से बैल को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान आशु महाजन, मनोज, रिशु और कार्तिक सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। सभी के सामूहिक प्रयासों से बैल को सुरक्षित बचा लिया गया। बैल को सुरक्षित नीचे उतारने की इस पहल से ग्रामीणों की पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और आपसी सहयोग की भावना देखने को मिली। ग्रामीणों ने मिलकर समय रहते प्रयास किए, जिससे बैल को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली।