फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर में महिला आयोग की विशेष अदालत, 10 मामलों का मौके पर निपटारा

महिलाओं से जुड़े घरेलू विवाद, उत्पीड़न और अधिकारों के हनन की शिकायतों के निपटारे के लिए मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की विशेष अदालत आयोजित की गई। आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी की अध्यक्षता में हुई इस अदालत में कुल 34 मामले सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थे। इनमें से 24 मामलों पर सुनवाई की गई, जबकि 10 मामलों का निपटारा कर दिया गया। शेष 14 मामलों में आगामी सुनवाई की जाएगी। सुनवाई के दौरान आयोग ने चार मामलों में संबंधित पक्षों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए अतिरिक्त समय दिया। आयोग ने दोनों पक्षों को आपसी समझ और सहमति से समाधान निकालने का अवसर दिया है। निर्धारित समय पूरा होने के बाद इन मामलों को दोबारा सुनवाई के लिए लिया जाएगा। आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बताया कि विशेष अदालत में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, यौन उत्पीड़न, महिलाओं के अधिकारों के हनन और महिलाओं के विरुद्ध अन्य प्रकार के अत्याचारों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की गई। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को शिकायतों के समाधान के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से जिला मुख्यालयों तक न आना पड़े, इसके लिए आयोग प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरूकता शिविरों के साथ स्थानीय स्तर पर विशेष अदालतें भी आयोजित करेगा। इस पहल से महिलाओं को अपने घरों के नजदीक ही शिकायतें रखने और उनके समाधान का अवसर मिल सकेगा। इस अवसर पर आयोग की सदस्य नेहा ठाकुर और रीना पुंडीर, सदस्य सचिव बुशरा अंसारी सिंह, विधि अधिकारी यशपाल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें