यमुनानगर। धनतेरस के पर्व पर जिले के बाजारों में आज जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर रात तक बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल, कपड़े और वाहन समेत जमकर खरीदारी की। ग्राहकों के उत्साह से दुकानदारों और कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे। जिले में धनतेरस पर करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ। ऑटोमोबाइल सेक्टर में ही 500 से अधिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई। धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते बाजारों में सुबह से ही रौनक शुरू हो गई थी। पुराना रादौर रोड, न्यू मार्केट, खेड़ा बाजार, पालिका बाजार, मीरा बाजार, जगाधरी वर्कशॉप रोड, प्यारा चौक, मॉडल टाउन, छोटी लाइन, कैंप और आईटीआई क्षेत्र में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। वहीं, कृष्ण नगर मोबाइल मार्केट, सेक्टर-17, जगाधरी सिविल लाइन, रेलवे रोड बाजार, पत्थरों वाला बाजार और देवी भवन बाजार सहित कस्बों के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। दोपहर होते-होते प्रमुख बाजारों में भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को आवाजाही में परेशानी होने लगी। शाम के समय खरीदारी के लिए निकले लोगों की संख्या और बढ़ गई। दुकानदारों के पास ग्राहकों को संभालने तक की फुर्सत नहीं रही। कई दुकानों पर लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सोने-चांदी के सिक्कों और आभूषणों की मांग: सराफा बाजार में धनतेरस पर विशेष रौनक देखने को मिली। ग्राहकों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी की। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, चरण पादुका और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की भी खूब बिक्री हुई। सोने के हल्के आभूषणों को लेकर भी ग्राहकों में खास रुचि रही। इसके अलावा बर्तन, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर भी दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी रही। धनतेरस की खरीदारी का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। प्रमुख बाजारों और उनसे जुड़ी सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण लोगों को वाहन निकालने और पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।