दो साल पहले 105 करोड़ रुपये से बने चार मंजिला अस्पताल की दीवारों से देर रात एक बार फिर से टाइलें गिर गई। टाइलें गिरने से दीवार के साथ खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस बार टाइलें ब्लॉक ए व बी की दीवारों से तीन जगह से टाइलें गिरी हैं। टाइलें गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। यह कब थमेगा इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। जब से अस्पताल का भवन बना है तब से अब तक नौ बार दीवारों से टाइलें गिर चुकी हैं। 11 मई 2023 को हुआ था अस्पताल का उद्घाटन 200 बेड के पांच मंजिला अस्पताल को बनाने पर स्वास्थ्य विभाग ने 105 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अस्पताल के निर्माण को अगले माह 11 मई को दो साल पूरे हो जाएंगे। 11 मई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया था। इसके बाद से निर्माण कार्य को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। पिछले साल 29 अप्रैल को टाइलें कार व बाइक पर गिरी थी। कार अस्पताल की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर की थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों के साथ-साथ ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों व कर्मचारियों में भी डर का माहौल है। एसडीएम जगाधरी कर रहे हैं जांच टाइलें गिरने की जांच एसडीएम जगाधरी सोनू राम कर रहे हैं। फरवरी माह में डीसी पार्थ गुप्ता ने टाइलें गिरने के मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी बनाई थी। कमेटी का अध्यक्ष एसडीएम को बनाया गया था। उन्होंने अस्पताल में जाकर निर्माण सामग्री के सैंपल लिए थे। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया था। इनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।