यमुनानगर। घर में भतीजी की शादी की खुशियां थीं। सोमवार को बारात आनी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। चाचा रविंद्र भी भतीजी की शादी को लेकर बेहद खुश थे। दो दिन पहले ही वह शादी में भेंट देने के लिए बाइक खरीदकर लाए थे, लेकिन सोमवार सुबह एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव करेहड़ा खुर्द निवासी 55 वर्षीय रविंद्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और शादी के कई कार्यक्रम रद्द करने पड़े। जानकारी के अनुसार रविंद्र पिछले काफी समय से ऑटो चलाने का काम करते थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे वह छठ पर्व के लिए सवारियां लेने के लिए घर से निकले थे। गांव से कुछ दूरी पर ही पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रविंद्र को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रविंद्र के एक बेटा और एक बेटी हैं। घर में भतीजी की शादी को लेकर खुशी का माहौल था। सोमवार को बारात आनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। जिस घर में कुछ देर बाद बारात के स्वागत की तैयारियां होनी थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। जांच अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजन सोमवार को शादी के चलते पोस्टमार्टम करवाने से मना कर रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।