यमुनानगर। छछरौली में बिजली का करंट लगने से ठेकेदार के अधीन कार्यरत कर्मचारी संजीव कुमार की मौत के मामले में बिजली विभाग के जेई को कथित तौर पर करीब 48 घंटे हिरासत में रखे जाने के विरोध में सोमवार को एचएसईबी वर्कर यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अधीक्षक अभियंता कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने छछरौली थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एक अक्तूबर को छछरौली में बिजली का करंट लगने से ठेकेदार के अधीन कार्यरत कर्मचारी संजीव कुमार की मौत हो गई थी। इसके बाद बिजली विभाग में कार्यरत जेई संजीव कुमार को छछरौली थाना प्रभारी द्वारा करीब 48 घंटे तक हिरासत में रखा गया। यूनियन का आरोप है कि जेई को सीआईए यमुनानगर की हवालात में भी रखा गया। वहीं, जेई के परिवार के सदस्यों, जिसमें उनकी पत्नी और दुर्घटना में घायल लड़का भी शामिल था, को रातभर छछरौली थाने में बैठाए रखने का आरोप लगाया गया। इस घटना को लेकर बिजली कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने अधीक्षक अभियंता कार्यालय के सामने धरना देकर मामले में निष्पक्ष जांच और छछरौली थाना प्रभारी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। धरने में केंद्रीय परिषद के वरिष्ठ उपप्रधान अशोक शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता सर्कल सचिव मंदीप शर्मा ने की। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते छछरौली थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बिजली कर्मचारी आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन में यूनिट यमुनानगर के प्रधान कर्म सिंह, सचिव नितिन राणा, जगाधरी यूनिट के प्रधान राजेश कुमार कश्यप, सचिव कंवरपाल, बिलासपुर यूनिट के प्रधान सुनील सैनी, सचिव रविंद्र सैनी समेत विभिन्न यूनिटों और सब यूनिटों के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।