कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव चल रही है। इसी तरह जिला स्तर पर नौ दिसंबर से मॉडल टाउन के दशहरा ग्राउंड में गीता महोत्सव शुरू हो रहा है। तीन दिन चलने वाले महोत्सव को लेकर डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों और सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों की बैठक ली। डीसी ने बैठक में अधिकारियों को महोत्सव केलिए जिम्मेदारियां सौंपी। धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि महोत्सव को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने में सहयोग दें। कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता का उपदेश किसी वर्ग व समुदाय विशेष के लिए नहीं है बल्कि यह पूरी मानवता के लिए है। इस आयोजन में सभी धर्मों और वर्गों के प्रतिनिधि हिस्सा लें। महोत्सव में गीता हवन, यज्ञ, पूजन, गीता क्विज व पेंटिंग, गीता आरती, गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताएं होंगी। सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों द्वारा गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। महोत्सव में सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं व सरकारी विभागों द्वारा झांकियां निकाली जांएगी। गीता श्लोक उच्चारण कार्यक्रम 11 दिसंबर दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों के 3500 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। 11 दिसंबर को दोपहर दो बजे नगर में शोभायात्रा निकाली जाएगी।