हरियाणा के चरखी दादरी में जिला शिक्षा विभाग की ओर से जिले के बौंदकलां खंड में विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा दी जा रही है। वर्तमान में खंड के 14 स्कूलों में 25 वाहन चलाए जा रहे हैं जिनमें प्रतिदिन 679 छात्र-छात्राएं सफर कर रहे हैं। ऐसे में अब उनकी घर से स्कूल और स्कूल से वापस घर पहुंचने की डगर आसान हो गई है जबकि समय की भी बचत हो रही है। बता दें कि जुलाई में छात्र परिवहन योजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के तहत हर जिले के एक-एक खंड में परिवहन सुविधा संचालित की गई थी। इस दौरान जिले के बौंदकलां खंड का चयन किया गया। खंड के 14 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में बस, ऑटो व क्रूजर का संचालन किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को वाहन का इंतजार नहीं करना पड़ता और वे आसानी व समय से स्कूल पहुंच जाते हैं।