भैया दूज पर्व को लेकर वीरवार को ट्रेनों व बसों में यात्रियों की भीड़ ज्यादा रही। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर वीरवार को जिलाभर में भैया दूज पर्व मनाया गया। ट्रेनों व बसों में आवागमन करने वाले यात्रियों की भीड़ में इजाफा देखने को मिला। कई यात्री अपने गंतव्य की रूट की ट्रेन व बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। भीड़ के चलते सवारी गाड़ियों में भी कई पुरुष यात्री महिला स्पेशल बोगियों में सवार होकर सफर करते नजर आए। भैया दूज पर्व को लेकर बहन-भाइयों में उत्साह दिखाई दिया। कुछ भाई अपनी बहनों के घर टीका करवाने पहुंचे तो कई बहने भी अपने भाइयों के घर आईं। भैया दूज को लेकर ट्रेनों व बसों में अन्य दिनों के अपेक्षा भीड़भाड़ का माहौल रहा। यात्रियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए रोडवेज चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द रही। बस अड्डा पर जिस रूट की ज्यादा सवारी रही, उसी रूट पर ज्यादा बसों को चलाया गया। वहीं वीरवार को दिल्ली व कुरुक्षेत्र रूट पर आवागमन करने वाली सवारी गाड़ियों में यात्रियों की काफी भीड़ रही। सवारी गाड़ियों का सही समय पर परिचालन किया गया है, ताकि बहनों या भाइयों को सही समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।