सोनीपत। विधायक निखिल मदान ने वीरवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कालूपुर चुंगी स्थित विश्वकर्मा चौक पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में जांगड़ा समाज व विश्वकर्मा समाज के गणमान्य नागरिक, शिल्पकार, कारीगर और श्रमिक मौजूद रहे। उन्होंने विश्वकर्मा धर्मशाला में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने मोहन नगर में आयोजित विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम में भी भाग लिया। निखिल मदान ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, सृजन, शिल्प और तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। विश्वकर्मा जयंती मेहनत, हुनर, रचनात्मकता और कर्म के प्रति सम्मान का पर्व है। देश के विकास में कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। विधायक ने युवाओं से कौशल विकास अपनाने और अपनी प्रतिभा को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में बदलने का आह्वान किया। इस दौाान संस्था के प्रधान रामचंद्र पांचाल, सचिव सतपाल, रमेश चंद्र, पूर्व प्रधान भले राम जांगड़ा, राजकुमार पांचाल, जय नारायण डांगी, कलावती पांचाल, पूर्व प्रधान जगदीश जांगड़ा भी मौजूद रहे।