सोनीपत। सेक्टर-12 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय हुनर हाट का शनिवार को उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच समापन हुआ। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण गरबा-डांडिया संध्या रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने गुजराती लोकगीतों और संगीत की धुन पर डांडिया प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. किरण सरोहा ने की, जबकि डॉ. पूर्णमल गौड़ और डॉ. जगदीश बत्रा मुख्य अतिथि पहुंचे। आयोजित गरबा-डांडिया संध्या में छात्राओं ने चनिया-चोली और पारंपरिक परिधानों में सजकर सामूहिक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया की खनक और लोकधुनों की थाप से महाविद्यालय परिसर उत्सवी माहौल में रंग गया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया। डांडिया रास के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत, नारी शक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। समापन दिवस पर भी छात्राओं की ओर से लगाए गए हस्तशिल्प, गृह सज्जा और कलात्मक उत्पादों के स्टालों पर रौनक रही। प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. सुनील कुमार पंवार ने कहा कि हुनर हाट का उद्देश्य छात्राओं को ''सीखो, बनाओ, बेचो और आत्मनिर्भर बनो'' के मंत्र से जोड़ना रहा। इस तरह के मंच छात्राओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देते हैं।