सोनीपत। राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-12 में सोमवार को आयोजित प्रतिभा खोज कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, संगीत, कविता, भाषण और कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। नृत्य प्रतियोगिता में गीतिका ने प्रथम, हिमांशी ने द्वितीय और वर्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में सुचेता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्ले मॉडलिंग में प्रियंका ने बाजी मारी, जबकि भाषण प्रतियोगिता में नैना प्रथम रही। पोस्टर मेकिंग में खुशी ने पहला और अंजलि ने दूसरा स्थान हासिल किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में अनु अव्वल रही। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में मान्या ने प्रथम और खुशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. किरण सरोहा ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा खोज जैसे कार्यक्रम छात्राओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे मंच पर निखारने का अवसर देते हैं। आयोजन सांस्कृतिक विभाग की संयोजिका डॉ. मंजीत और सांस्कृतिक टीम ने किया। इस दौरान डॉ. नवीन वशिष्ठ, डॉ. सुभाष सिसोदिया, डॉ. मंजीत, डॉ. राजवंती, डॉ. सुनील पंवार, डॉ. मीनाक्षी और डॉ. पूनम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मंच संचालन नोविका और अनु ने किया।