गांव छिछड़ाना में 10 दिन पहले आए आंधी-तूफान के बाद से बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से नहीं लौट पाई है। अंधी-तूफान में बिजली सप्लाई के करीब 40 खंभे और 9 ट्रांसफार्मर गिर गए थे, लेकिन बिजली विभाग अभी तक व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर पाया। इससे पूरा गांव पिछले 10 दिन से परेशान है। छिछड़ाना के सरपंच राजबीर ने बताया कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं भैंसों के लिए चारा काटने और खेतों में पानी लगाने का काम भी बंद पड़ा है। गर्मी के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत देने के बाद भी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। गांव के काफी लोग एकजुट होकर गोहाना स्थित एएक्सएन कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।