हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) से भावी शिक्षकों की क्वालिटी को जांचा जा रहा है। शिक्षकों में उचित क्वालिटी होगी तो बच्चों में भी आएगी। वह बच्चों का उचित मार्गदर्शन कर सकेंगे। सभी अधिकारी व कर्मचारी परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन व विश्वसनीयता बरकरार रखने के लिए निष्ठापूर्वक ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा की बोर्ड मुख्यालय से लाइव मॉनिटिरिंग हो रही है, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की गुंजाइश न रहे। एचबीएसई के उपाध्यक्ष ने जिला में चल रही एचटेट परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित व पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। वह मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर पहुंचे। परीक्षा को लेकर केंद्र पर बोर्ड व जिला प्रशासन की ओर से की गई सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सतीश शाहपुर ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए व्यवस्थाओं व सुविधाओं संबंधी जानकारी भी ली। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभ्यर्थियों ने प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताया। उपाध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए प्रत्येक स्तर पर पैनी नजर रखी जा रही है।