सोनीपत। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से विशेष वर्ग को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी छोटूराम चौक से पैदल मार्च करते हुए लघु सचिवालय पर पहुंचे। उन्हांने जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिला सचिव अनुज जैन ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना और जनता की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए। जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक एकता के लिए उचित नहीं है। अधिवक्ता सौरभ सचदेवा ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार चाहता है, आम जनता महंगाई से राहत की उम्मीद कर रही है और किसान अपनी समस्याओं का समाधान चाहता है। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं चाहता है। उन्होंने कहा कि इन वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता से रही है। जातिवाद और धर्मवाद का जहर फैलाकर इस भाईचारे को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने संबंधित बयान का संज्ञान लेने, सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक मर्यादा बनाए रखने तथा जाति एवं धर्म के आधार पर सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले बयानों के विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रेम रेलन, राजू गर्ग, आशा अहलावत, राजेश मलिक पार्षद, बिन्नी भारद्वाज, ज्योति प्रसाद पालीवाल, ऋतुराज सिवाच, जयवीर राठी, बलवान सिंह, डॉ. राकेश नरवाल, नरेंदर हुड्डा, देवेंद्र मेहला, रविंद्र मलिक, बबला मलिक भी मौजूद रहे।