फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत में अभय चौटाला का सरकार पर हमला, बोले- कमजोर और डमी सीएम से परेशान प्रदेश की जनता

सोनीपत। इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता एक कमजोर और डमी मुख्यमंत्री की वजह से परेशान है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और आम आदमी की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। वह बुधवार को राई के गांव खेवड़ा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पंजाब से हरियाणा को मिलने वाले पानी के मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा, दोनों सरकारों को घेरा। उन्होंने दावा किया कि भाखड़ा से मिलने वाले पानी को 9 हजार क्यूसेक से घटाकर करीब 3 हजार क्यूसेक कर दिया गया है। पानी हरियाणा के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर प्रभावी पैरवी करने में नाकाम रही है। किसान, मजदूर और कर्मचारियों के प्रदर्शन पर भी सरकार को घेरा इनेलो नेता ने प्रदेश में किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और व्यापारियों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शनों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में अंगूठे लगवाने के लिए मजबूर करना उनका अपमान है। सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें परेशान करने वाली व्यवस्था को खत्म करना चाहिए। रोजगार के दावों पर मुख्यमंत्री से मांगा जवाब पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश के युवाओं को एक लाख 20 हजार रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन अब तक केवल करीब 17 हजार लोगों को ही रोजगार मिल पाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और सरकार के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। बोले- हरियाणा में कोई बुलाता नहीं, इसलिए पंजाब चले जाते हैं मुख्यमंत्री के पंजाब दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अभय चौटाला ने तंज कसते हुए कहा, "हरियाणा में कोई बुलाता नहीं, तो कहां जाएंगे।" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता और यहां के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। सफाई कर्मचारियों की मांगें मानने को सरकार होगी मजबूर सफाई कर्मचारियों की मांगों के सवाल पर चौटाला ने कहा कि सरकार को उनकी मांगें माननी ही पड़ेंगी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि सरकार "सौ प्याज भी खाएगी और सौ जूते भी खाएगी।" उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अनदेखी ज्यादा समय तक नहीं की जा सकती। बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा, बोले- रोज आ रही धमकी और रंगदारी की कॉल प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर भी अभय चौटाला ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। आए दिन लोगों को धमकियां मिल रही हैं और रंगदारी और फिरौती के लिए फोन कॉल आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है। अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को केवल दावे करने के बजाय धरातल पर काम करना चाहिए और किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा आम जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें